बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान आज अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान का जन्म 2 नवंबर 1965 को दिल्ली में हुआ था। इस साल शाहरुख अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। शाहरुख खान करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करते हैं। उनके फैंस देश ही नहीं दुनियाभर में हैं। बॉलीवुड के किंग खान कहे जाने वाले शाहरुख की जिंदगी यूं तो खुली किताब की तरह है। फिर भी फैंस चाहते हैं कि वो उनके बारे में ज्यादा से ज्यादा जानें।

शाहरुख का बचपन से ही अभिनय की तरफ झुकाव था। कई स्टेज परफॉर्मेंस में वो उस जमाने के एक्टर्स के अंदाज में एक्टिंग किया करते थे। उनकी हमेशा ही सराहना होती रही है।

बाद में शाहरुख ने बैरी जॉन अकादमी से एक्टिंग की शिक्षा ली। बचपन के दिनों में अभिनेत्री अमृता सिंह से उनकी दोस्ती थी, जो बाद में मुंबई आकर फिल्मों में काम करने लगीं।

शाहरुख ने दिल्ली के हंसराज कॉलेज से बैचलर डिग्री लेने के बाद जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी से मास्टर्स की पढ़ाई शुरू की। लेकिन वो इसे पूरा करने से पहले ही एक्टिंग की दुनिया में चले गए।

शाहरुख खान 18 साल की उम्र में गौरी को दिल दे बैठे थे। तब गौरी की उम्र मात्र 14 साल थी। उन्होंने गौरी को दीवानों की तरह चाहा और उनके पीछे-पीछे वह दिल्ली से मुंबई चले गए।

मुंबई आने के बाद शाहरुख ने टीवी पर ‘सर्कस’ और ‘फौजी’ जैसे धारावाहिकों में काम किया। हिंदी सिनेमा में उन्होंने कदम फिल्म ‘दीवाना’ से रखा। कम लोग ही जानते हैं कि शाहरुख ‘दीवाना’ से पहले ‘दिल आशना है’ की शूटिंग पूरी कर चुके थे। उन्होंने साइन भी पहले यही फिल्म की थी।

फिल्मों के अलावा, शाहरुख खान टीवी पर भी सक्रिय रहे हैं। वह ‘केबीसी’, ‘क्या आप पांचवीं पास से तेज हैं?’, ‘जोर का झटका’ जैसे रियलिटी शो होस्ट कर चुके हैं।

शाहरुख खान किसी भी फिल्म के लिए करोड़ों रुपये चार्ज करते हैं। खुद का प्राइवेट जेट तक रखने वाले किंग खान की कमाई का जरिया ब्रांड एंडॉर्समेंट से लेकर खुद का बिजनेस भी है।कमाई की वजह से शाहरुख खान का नाम फोर्ब्स लिस्ट में शामिल होता रहा है। किंग खान ने दुनियाभर की अलग-अलग जगहों पर निवेश कर रखा है। मुंबई के अलावा यूके, दुबई सहित कई देशों में उनकी प्रॉपर्टी है। उनकी सबसे महंगी प्रॉपर्टी ‘मन्नत’ मानी जाती है।

कभी पारसी परिवार के स्वामित्व वाली मन्नत को शाहरुख ने 13.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। मौजूदा समय में इस प्रॉपर्टी की कीमत 200 करोड़ रुपये से भी अधिक बताई जाती है। शाहरुख ने 6 साल के रिलेशन के बाद गौरी छिब्बर (गौरी खान) से 25 अक्तूबर 1991 को शादी की थी। उनके तीन बच्चे आर्यन, सुहाना और अबराम हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com