केरल और महाराष्ट्र मे 75 फीसदी कोरोना के सक्रिय मामले हैं : केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय

देश में एक मार्च से कोरोना टीकाकरण के दूसरे चरण शुरुआत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मंगलवार दोपहर एक बजे तक 1.48 करोड़ से अधिक कोरोना की खुराक लोगों को दी जा चुकी है। इनमें 67,04,613 स्वास्थ्य कर्मियों को पहली खुराक दी गई है जबकि 25,97,799 स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी खुराक दी गई है।

इसी तरह अग्रिम पंक्ति के 53,44,453 कर्मियों को टीके की पहली खुराक दी गई है जबकि गंभीर बीमारी से पीड़ित 45 साल से अधिक उम्र के 24,279 लोगों को टीके की पहली खुराक दी गई है जबकि 60 वर्ष से अधिक आयु के 1,82,992 लोगों को टीका की पहली खुराक लगाई गई है ।

स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव के अनुसार पॉजिटिविटी रेट 5.11 फीसदी है, जबकि मृत्यु दर 1.41 फीसदी है। वहीं केरल और महाराष्ट्र मे सबसे अधिक 75 फीसदी सक्रिय मामले हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 1.68 लाख है और 84.16 फीसदी इलाजरत मरीज पांच राज्यों से हैं जबकि छह राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की साप्ताहिक संक्रमण दर दो फीसदी के राष्ट्रीय औसत से अधिक है।

गत 24 घंटे में 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में संक्रमण के कारण किसी की मौत नहीं हुई है। इनमें पश्चिम बंगाल, गुजरात, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड, बिहार, लक्षद्वीप, लद्दाख, सिक्किम, त्रिपुरा, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, नागालैंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव तथा अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने  बताया कि कुल इलाजरत मरीजों में से 67.84 फीसदी महाराष्ट्र और केरल से है। मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र, केरल, गोवा, चंडीगढ़, पंजाब और गुजरात में साप्ताहिक संक्रमण दर दो फीसदी की राष्ट्रीय औसत से अधिक है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 10.02 फीसदी संक्रमण दर है।

बीते 24 घंटे में इलाजरत मरीजों की संख्या 12,286 और बढ़ गई, जिसके बाद भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 1,68,358 हो गई है। यह कुल मामलों का 1.51 फीसदी है। मंत्रालय ने बताया कि 80.33 फीसदी नए मामले पांच राज्यों से हैं।

देश में बीते 24 घंटे में 12,464 मरीज संक्रमण से उबरे हैं जिसके बाद संक्रमण मुक्त होने वाले मरीजों की संख्या 1,07,98,921 पहुंच गई है। मंत्रालय ने बताया कि भारत में संक्रमण से मुक्त होने की दर 97.07 फीसदी है जो दुनिया में सबसे ज्यादा है। पिछले 24 घंटे में संक्रमण से उबरने वाले 86.55 फीसदी मरीज छह राज्यों से हैं।

पिछले 24 घंटे में 91 मरीजों की मौत हुई है। इनमें से 85.71 फीसदी मृत्यु छह राज्यों में हुई हैं।महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 30 संक्रमितों ने दम तोड़ा। इसके बाद पंजाब में 18 और केरल में 13 संक्रमितों की मौत हुई।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com