आमरण अनशन के तीसरे दिन कुशवाहा की तबीयत बिगड़ी

रालेसपा प्रमुख व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की तबीयत गुरुवार को बिगड़ गयी है। आज उनके आमरण अनशन (भूख हड़ताल) का तीसरा दिन है। अामरण अनशन स्‍थल पर महागठबंधन के नेताओं को आना जारी है। लेकिन, खास बात कि गुरुवार को भाजपा के एमएलसी संजय पासवान भी पहुंचे। इसके साथ ही आमरण अनशन स्‍थल पर उपेंद्र कुशवाहा की पत्‍नी स्‍नेहलता भी मौजूद हैं। कुशवाहा की बिगड़ती तबीयत को लेकर पत्‍नी काफी चिंतित हो गई हैं।

बता दें कि बिहार में गिरती शिक्षा व्‍यवस्‍था में सुधार की मांग काे लेकर उपेंद्र कुशवाहा मंगलवार से आमरण अनशन पर हैं। उनके इस आंदोलन का महागठबंधन के नेताओं ने समर्थन किया है। पहले दिन महागठबंधन में शामिल घटक दलों कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष मदन माेहन झा, राजद के पूर्व प्रदेश अध्‍यक्ष रामचंद्र पूर्वे, प्रवक्‍ता मृत्‍युंजय तिवारी, हम के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष व पूर्व मुख्‍यमंत्री जीतनराम मांझी, वीआइपी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष मुकेश सहनी समेत अन्‍य नेता पहुंचे थे।

इसी तरह, दूसरे दिन बुधवार को राजद के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्‍यक्ष जगदानंद सिंह व कांग्रेस के अशोक राम प्रमुख रूप से पहुंचे थे। दूसरे दिन मिलने वालाें का दायरा बढ़ गया। माकपा ने भी कुशवाहा को समर्थन देने की घोषणा करते हुए पार्टी के राज्‍य सचिव अवधेश कुमार पहुंचे। उनहोंने कहा कि नीतीश सरकार कुशवाहा की मांग पर संज्ञान ले। बिहार में शिक्षा व्‍यवस्‍था पूरी तरह चौपट हो गई है।

इधर, कुशवाहा की तबीयत गुरुवार को बिगड़ गयी है। डाॅक्‍टर ने उनकी जांच की है। बताया जाता है कि कुशवाहा काफी कमजोर हो गए है। मौके पर उनकी पत्‍नी स्‍नेहलता भी मौजूद हैं। उन्‍होंने भी सरकार से उनकी मांग पर ध्‍यान देने को कहा है।

बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा के आमरण अनशन को लेकर सियासत भी तेज है। बिहार के शिक्षा मंत्री ने जहां कमेंट किया है, वहीं कुशवाहा ने भी उनका पलटवार किया है। साथ ही उन्‍होंने मुख्‍यमंत्री को निशाना बनाया है। इस सियासत के बीच एनडीए में शामिल भाजपा के एमएलसी संजय पासवान ने कुशवाहा का हाल जाना। उनकी तबीयत खराब सुन संजय पासवान भी उन्‍हें देखने पहुंचे। संजय पासवान ने कहा कि सरकार कुशवाहा की मांग पर ध्‍यान दे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com