दुखद: भारत में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 48 हजार के पार पंहुचा

कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या में भारत अब चौथे स्थान पर पहुंच गया है। अब तक ब्रिटेन चौथे स्थान पर था, जिसे भारत ने पीछे छोड़ दिया है। भारत में मरने वालों का आंकड़ा 48 हजार से ऊपर पहुंच गया है। ब्रिटेन में मरने वालों की संख्या 47 हजार के करीब थी पर उसने अपने यहां मरने वालों की संख्या में पांच हजार से ज्यादा कमी की है, जिसके बाद अब उसके यहां मरने वालों की संख्या 41 हजार रह गई है। अगर वह कमी नहीं भी करता तब भारत में मरने वालों की संख्या उससे ज्यादा हो गई है। अब भारत से आगे सिर्फ अमेरिका, ब्राजील और मेक्सिको हैं।

जहां तक संक्रमितों का मामला है तो भारत में संक्रमितों की संख्या 24 लाख से ऊपर पहुंच गई है। गुरुवार को रात नौ बजे तक देश में 65 हजार के करीब नए मामले आए थे, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 24 लाख 60 हजार से ऊपर पहुंच गई थी। देश में एक्टिव केसेज की संख्या छह लाख 62 हजार से ज्यादा हो गई है। गुरुवार को देर शाम तक 1,033 लोगों के मरने की खबर आई थी, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 48,171 हो गई।

देश में सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में गुरुवार को 11,813 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या पांच लाख 60 हजार 126 हो गई। राज्य में 413 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 19,063 पहुंच गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को 956 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख 49 हजार 460 हो गई। पश्चिम बंगाल में संक्रमितों की संख्या एक लाख से ऊपर पहुंच गई है। गुरुवार को राज्य में 2,997 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख सात हजार 323 हो गई।

आंध्र प्रदेश में गुरुवार को 9,996 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या दो लाख 64 हजार 142 हो गई। बिहार में गुरुवार को संक्रमितों की संख्या चार हजार के करीब पहुंच गई। राज्य में 3,906 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 94,459 पहुंच गई। देश में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य तमिलनाडु में गुरुवार को 5,835 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या तीन लाख 20 हजार 355 हो गई। राजस्थान में 608 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 56,708 हो गई। उत्तर प्रदेश में गुरुवार को 4,537 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख 40 हजार 775 हो गई।

ओड़िशा में 1,981 नए मामले आए और केरल में 1,564 नए संक्रमित मिले। मध्य प्रदेश में 1,014 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 42,618 हो गई। कर्नाटक में गुरुवार को 6,706 नए मामले आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या दो लाख तीन हजार दो सौ हो गई। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक गुरुवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 23 लाख 96 हजार 637 थी, जिसमें से 47,033 लोगों की मौत हो चुकी है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com