उत्‍तराखंड के नए सदस्य भाजपा के केंद्रीय पोर्टल में होंगे अपलोड

भाजपा ने प्रदेशभर में चलाए गए सदस्यता अभियान के तहत 10.77 लाख नए सदस्य बनाए हैं। इसके साथ ही 15 लाख पुराने सदस्यों को जोड़कर पार्टी की सदस्य संख्या 25 लाख पार कर गई है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने सोमवार को सदस्यता अभियान की समीक्षा की। उन्होंने सक्रिय सदस्य बनाने पर जोर दिया और कहा कि 15 सितंबर तक सक्रिय सदस्य बनाए जा सकते हैं।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने सदस्यता अभियान की विस्तार से जानकारी ली। तीन जिला इकाइयों के बारे में पूछे जाने पर उन्हें बताया गया कि हरिद्वार में 80 हजार, देहरादून जिले में 60 हजार और देहरादून महानगर में 70 हजार नए सदस्य बनाए गए। यह भी जानकारी दी गई कि सक्रिय सदस्यता का कार्य अंतिम चरण में है। राज्य में 14 हजार सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जाजू ने कहा कि पार्टी के संगठनात्मक चुनाव 11 सितंबर से शुरू होने हैं। इससे पहले सदस्यता संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने बताया कि नए सदस्यों का पूरा ब्योरा पार्टी के केंद्रीय पोर्टल में अपलोड किया जाना है। इस कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही सक्रिय सदस्यता कार्यक्रम 15 सितंबर तक चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे 11 सितंबर से शुरू होने वाले बूथ स्तर की इकाइयों के चुनाव पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति गैरोला की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश महामंत्री खजानदास व अनिल गोयल, प्रदेश मंत्री कुलदीप कुमार के अलावा देहरादून जिला, देहरादून महानगर व हरिद्वार के प्रांतीय पदाधिकारी, जिला सदस्यता प्रमुख, सह प्रमुख, जिला चुनाव अधिकारी व सहचुनाव अधिकारी मौजूद थे।

पंचायत चुनाव पर नहीं हुई चर्चा

भाजपा के प्रदेश मंत्री कुलदीप कुमार ने बताया कि यह बैठक विशुद्ध रूप से सदस्यता अभियान पर केंद्रित थी। इसमें पंचायत चुनाव अथवा अन्य किसी मसले पर कोई चर्चा नहीं हुई।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com