अब महेंद्रसिंह धोनी के नाम से जाना जाएगा ये स्टेडियम

दुनिया में भारत का परचम फहराने वाले कई क्रिकेटरों के सम्मान स्वरूप स्टेडियम में पैवेलियनों का नामकरण उनके नाम पर किया जाता रहा है। इसी कड़ी में अब भारत को दो विश्व कप दिलाने वाले कप्तान महेंद्रसिंह धोनी का नाम भी जुड़ गया है।

धोनी के गृहनगर रांची के झारखंड राज्य स्टेट एसोसिएशन (जेएससीए) स्टेडियम के साउथ पैवेलियन को अब महेंद्रसिंह धोनी पैवेलियन के नाम से जाना जाएगा। साउथ पैवेलियन पर धौनी के नाम का बोर्ड भी लगा दिया गया है। इसके साथ-साथ साउथ गेट का नाम भी धोनी के नाम पर रख दिया गया है। जेएससीए ने धोनी को सम्मान देते हुए ये कदम उठाया है। भारतीय क्रिकेट में धौनी का जो योगदान है वो एतिहासिक है। धोनी ने भारत को 2007 में टी20 विश्व कप और 2011 में वनडे विश्व कप का खिताब दिलाया है जो अपने आप में एतिहासिक है। धोनी झारखंड से हैं और यहां के क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए भी वो काफी प्रयास करते रहते हैं।

भारत में कई ऐसे क्रिकेटर्स हैं जिनके नाम पर कई स्टेडियम के पैवेलियन का नाम रखा गया है। इसमें सचिन तेंडुलकर, सुनील गावस्कर, वीरेंद्र सहवाग जैसे खिलाड़ी शुमार हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दो पैवेलियन का नाम गावस्कर और सचिन के नाम पर है। वहीं दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान के एक गेट का नाम सहवाग के नाम पर रखा गया है।
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके धोनी ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीमित ओवरो की सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। अब भारत को अपने घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज खेलनी है। ऐसा माना जा रहा है कि धोनी आगामी विश्व कप के बाद क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com